रामपुर। स्कूल-कालेज में दाखिला लेने वाले छात्र-छात्राओं से लेकर अन्य कार्यों के लिए आधार कार्ड बनवाने व संशोधन करवाने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। आधार कार्ड में संशोधन कराने या नया आधार कार्ड बनवाने के लिए गुरुवार 8 अक्तूबर को डाकघर की ओर से विशेष आधार कार्ड शिविरों का आयोजन किया जाएगा। डाकघर की ओर से महा लॉगइन डे के रूप में मनाते हुए सुबह 7 बजे से आधार कार्ड बनाने व संशोधन का कार्य किया जाएगा।
जिले में इन दिनों आधार कार्ड बनवाने व संशोधन को लेकर मारामारी मची हुई है। कई डाकघरों व बैंक शाखाओं में या तो आधार कार्ड संशोधन व बनाने का कार्य नहीं हो रहा है या काफी कम कार्ड बनाए या संशोधित किए जा रहे हैं। जिससे लोगों को लंबी कतारों में लगकर पूरा-पूरा दिन बेकार करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह की सख्ती व इस समस्या को गंभीरता से लेने के बाद कुछ सुधार भी हुआ है और हाल ही में अधिकारियों ने सभी आधार कार्ड केंद्रों का निरीक्षण भी किया था। आधार कार्ड के लिए परेशान हो रहे छात्र-छात्राओं व अन्य लोगों के लिए डाकघर की ओर से विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। पोस्टमास्टर सत्यप्रकाश ने बताया कि 8 अक्तूबर गुरुवार को डाकघर की 13 शाखाओं पर विशेष आधार कार्ड शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिसमें सुबह 7 बजे से आधार कार्ड बनाए जाएंगे। प्रत्येक शाखा पर अधिकतम 150 आधार कार्ड बनाने या संशोधन का कार्य किया जाएगा।