मीरीपीरी खालसा एकेडमी नबाबगंज में आयोजित इंटरनेशल कबड्डी टूर्नामेंट के फाइनल में मीरीपीरी स्पोर्ट्स क्लब उत्तराखंड ने पंजाब को पराजित करके ट्राफी जीत ली। वहीं, लड़कियों में जगतपुरा की टीम ने पंजाब के ही गुरदासपुर की टीम को हराकर जीत हासिल की।
रविवार को विद्यालय मैदान में आयोजित इंटरनेशनल कबड्डी प्रतियोगिताओं का शुभारंभ रुद्रपुर के विधायक राजकुमार ठुकराल ने फीता काटकर किया। 68 किलो वर्ग कबड्डी का मुकाबला मीरीपीरी स्पोर्ट्स क्लब उत्तराखंड और मीरी पीरी एकेडमी गहलुइया के बीच हुआ, जिसमें उत्तराखंड की टीम विजयी रही। पुरुष वर्ग का पहला सेमीफाइनल गुरु तेगबहादुर महा सिंह क्लब और मीरीपीरी स्पोर्ट्स क्लब के बीच हुआ, जिसमें मीरीपीरी की टीम विजयी घोषित हुई।
दूसरा सेमी फाइनल मुकाबला नानकसर गुरदासपुर पंजाब व हरियाणा की टीम के बीच हुआ, जिसमें गुरदासपुर की टीम ने जीत हासिल कर ली। फाइनल मीरीपीरी स्पोटर्स क्लब व पंजाब के बीच हुआ, जिसमें मीरीपीरी विजयी रही। लड़कियों का फाइनल पंजाब के जगतपुरा व गुरदासपुर के बीच हुआ, जिसमें जगतपुरा की टीम विजयी रही। महिलाओं की मटका दौड़ में सुखप्रीत कौर, रानी, गुरमीत कौर ने पहला, दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त किया। बुजुर्गों की कबड्डी में पंजाब की टीम विजयी रही। रेफरी बलविंद्र सिंह व हरजीत सिंह रहे। प्रबंधक समिति व दिल्ली कारसेवा वाले बाबा अनूप सिंह, प्रधानाचार्य हरजीत सिंह घुम्मन आदि ने विजयी टीमों को पुरस्कार व ट्राफी देकर सम्मानित किया।