रामपुर। शहर के व्यस्तम बाजारों में से एक चाकू बाजार में जाम की स्थिति दिन प्रतिदिन बेकाबू होती जा रही है। रिक्शा, ई-रिक्शा, ठेका और रेहड़ी की वजह से बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती है। दोपहर और शाम के समय तो हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं। रही सही कसर ठेला, रेहड़ी और दुकानों के आगे खड़े वाहनों से पूरी हो जाती है। जाम की वजह से व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
शहर के बाजारों में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि रामपुर के किसी भी मार्केट में पार्किंग का मुकम्मल इंतजाम न होना। कुछ ऐसा ही हाल चाकू बाजार का है। कहने को तो यह बाजार शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक है, लेकिन कोई ट्रैफिक प्लान और पार्किंग का मुकम्मल इंतजाम न होने की वजह से जाम लग जाता है। लोग अक्सर बाजार में दुकानों के सामने ही वाहन खड़े कर चले जाते हैं। इसके अलावा कुछ दुकानदार भी अपनी दुकानें बाहर तक सजा लेते हैं, जिससे मार्ग और संकरा हो जाता है। ऐसे में शाम और दोपहर के समय बाजार में भीड़ अधिक रहती है, जिससे घंटों जाम लगा रहता है। आलम यह रहता है कि बाजार में से वाहन निकालना तो दूर पैदल भी निकलना मुश्किल हो जाता है। इससे लोगों के साथ ही बाजार में दुकानदारों को भी काफी दिक्कतें होती हैं। नगर पालिका की बात की जाए तो इस दिशा में कोई ठोस प्लानिंग तक नहीं बनाई गई है। ऐसे में दिक्कत दिन व दिन बढ़ती जा रही है।