रामपुर। जिले में धान क्रय केंद्रों पर धान खरीद ने रफ्तार पकड़ ली है। करीब एक माह में ही जिले में कुल लक्ष्य की 33 फीसदी खरीद हो चुकी है। वहीं खरीद के सापेक्ष देय भुगतान में से करीब 55 फीसदी का भुगतान कर दिया गया है।
जिले में 1 अक्तूबर से धान क्रय की शुरुआत हुई। शुरुआत में सुस्त रफ्तार से चली धान खरीद ने अब तेजी पकड़ ली है। जिले में 28 दिन में ही कुल लक्ष्य का करीब 33 फीसदी धान खरीदा जा चुका है। जिले को इस बार 2.40 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य मिला था। जिसके सापेक्ष अब तक करीब 80 हजार मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। खाद्य ंऔर विपणन विभाग द्वारा यह धान खरीद जिले के करीब साढ़े आठ हजार किसानों से की गई है। इस खरीद का 1 अरब 43 करोड़ 68 लाख रुपये का भुगतान देय है। जिसके सापेक्ष किसानों को 81 करोड़ 30 लाख का भुगतान भी कर दिया गया है। जिले में 22 अक्तूबर तक हुई धान खरीद का भुगतान लगभग किया जा चुका है। जिला खाद्य और विपणन अधिकारी ने बताया कि शेष करीब 62 करोड़ 38 लाख का भुगतान प्रक्रिया में है जो कि शीघ्र ही कर दिया जाएगा। कुल धान खरीद के बाद करीब 72 हजार मीट्रिक धान राइस मिलों को भेजा जा चुका है और करीब 2 लाख क्विंटल चावल गोदाम को भेज दिया गया है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने बताया कि सभी क्रय केंद्र प्रभारियों से लगातार संपर्क और बैठक कर अधिक से अधिक किसानों से धान खरीद को कहा जा रहा है। साथ ही क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा हो इसके भी निर्देश दिए गए हैं।