रामपुर। जिला चिकित्सालय एवं जिला महिला चिकित्सालय का जिलाधिकारी ने रविवार देर रात्रि में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की स्थिति और मेन्यू के अनुसार आहार की उपलब्धता आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने इमरजेंसी वार्ड में पहुंचकर उन्होंने मरीजों को प्रदान किए जा रहे उपचार के बारे में जाना। मरीजों से पूछा तो पता चला कि दो डॉक्टर वार्ड का नियमित निरीक्षण करने के लिए नहीं आ रहे हैं, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल नहीं हो पा रही है। जिलाधिकारी ने मामले का त्वरित संज्ञान लेते हुए दोनों डॉक्टरों का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण के निर्देश दिए। जिला महिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न वार्डों में स्वास्थ्य सेवाएं व सुविधाओं की उपलब्धता देखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि स्टॉफ नर्स व अन्य कर्मचारियों द्वारा अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन किया जा रहा है, परंतु डॉक्टरों द्वारा जिम्मेदारी के साथ वार्डों में जाकर मरीजों का हालचाल नही लिया जा रहा है। उपस्थिति रजिस्टर के अवलोकन के दौरान एक डॉक्टर ड्यूटी से गैरहाजिर मिले, जिनके संबंध में भी जिलाधिकारी ने वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण के निर्देश दिए। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट रामजी मिश्र भी मौजूद रहे।