रामपुर। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कलक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया तथा कलक्ट्रेट के कर्मचारियों एवं अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश और समाज की सेवा के लिए निरंतर प्रयत्नशील रहने और अग्रणी भूमिका निभाने का संदेश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति दी, जिसके परिणाम स्वरूप देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्ति मिली और देश को विश्व पटल पर स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में पहचान मिली। वर्तमान में हम सभी की यह जिम्मेदारी है कि देश की उन्नति और विकास में अपना योगदान दें। देश अंग्रेजों की गुलामी की जंजीरों से तो मुक्त हो चुका है। अब जरूरत है अशिक्षा और गरीबी जैसी समस्याओं का समाधान करके देश को नित्य उन्नति की ओर अग्रसर करने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी होनी चाहिए। विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के जरूरतमंद लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इन सभी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका है। देश के अमर शहीदों के सपनों को साकार करने एवं सरकार की मंशा के अनुरूप जरूरतमंद लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाते हुए समाज और देश की उन्नति में सभी लोग अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में शिशु सदन के बच्चों ने भी प्रतिभाग किया, जिन्हें जिलाधिकारी ने उपहार प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण उत्पन्न परिस्थितियों के दौरान बेहतर कार्य करने वाले डॉक्टर, अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।