रामपुर। कायाकल्प (एनआरएचएम) की दो सदस्यीय टीम ने बुधवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान रखरखाव और साफ सफाई के साथ ही यहां मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। टीम में शामिल सदस्यों का कहना था कि शासन की मंशा है कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिले। इसके लिए समय-समय पर जांच की जाती है। इसी कड़ी में टीम यहां जांच करने आई है।
कायाकल्प टीम की सदस्य डॉ. स्वाति अहलावत और डॉ. रजनीश कुमार बुधवार की सुबह जिला अस्पताल पहुंचीं। टीम ने सफाई व्यवस्था के साथ ही जननी सुरक्षा, इमरजेंसी वार्ड, वैक्सीन कक्ष, लेबर रूम, वार्ड, दवा कक्ष का निरीक्षण किया। उपस्थिति रजिस्टर की जांच के साथ ही कर्मचारियों को मरीजों के साथ उचित व्यवहार के निर्देश दिए। टीम ने मरीजों से स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अनेक बिंदुओं पर बात कर जानकारी ली। सीएमएस डॉ. एचके मित्रा ने बताया कि टीम साफ सफाई व रख रखाव के आधार पर अस्पतालों की ग्रेडिंग करती है। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि अस्पताल की स्थिति पहले से बेहतर हुई है। टीम ने निरीक्षण के दौरान मरीजों व कर्मचारियों से बात कर उनकी समस्याएं जानीं।े