रामपुर। गंज थाना क्षेत्र में एक बाइक सवार युवक को पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी थी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद राहगीरों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
एक अक्तूबर को मुरादाबाद जिले के मूंढापांडे थाना क्षेत्र के दौलारा गांव निवासी नाजिम (25 वर्ष) बाइक पर सवार होकर काशीपुर आंगा गांव जा रहा था। इस दौरान काशीपुर आंगा गांव के पास पीछे से आए एक ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में नाजिम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद लोगों की काफी भीड़ एकत्र हो गई। मौके पर पहुंचे राहगीरों ने हादसे में घायल नाजिम को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। इस बीच परिजन घायल नाजिम को उपचार के लिए मुरादाबाद लेकर जा रहे थे। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बाद में सूचना पर गंज पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बाद में मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।