यूपी सरकार ने अफसरों को हाईटेक कर दिया है। सभी प्रशासनिक अधिकारियों को अब टैबलेट थमा दिया गया है। टैबलेट के जरिए अफसर अब शासन की योजनाओं से जहां एक ओर अपडेट रहेंगे वहीं दूसरी ओर सीधे तौर पर रिपोर्टिंग भी कर सकेंगे।
ई गर्वनेंस योजना के तहत सरकार की ओर से तमाम सुविधाएं जनता को दी गई हैं। आनलाइन प्रमाणपत्रों से लेकर अन्य सुविधाएं भी आन लाइन ही दी गई हैं,लेकिन प्रमाणपत्रों पर रिपोर्ट लगाने के लिए अफसरों को भी दिक्कत होती थी। इसके साथ ही शासन की तमाम योजनाओं से भी अपडेट रहने की चुनौती अफसरों के सामने बनी रहती थी। चुनावों से ठीक पहले सरकार ने अफसरों को उन्हें हाईटेक करने का तोहफा दे दिया है।
शासन की ओर से अफसरों को अब टैबलेट का गिफ्ट भी दे दिया है। ई गर्वेनेंस योजना के तहत जिले के 18 प्रशासनिक अफसरों को टैबलेट दिया गया है,जिनको टैबलेट का तोहफा दिया गया है उनमें जिलाधिकारी के साथ ही एडीएम (वित्त एवं राजस्व), एडीएम प्रशासन, सभी एसडीएम और सभी तहसीलदारों के साथ ही सिटी मजिस्ट्रेट शामिल हैं। जल्द ही मुख्य विकास अधिकारी को भी टैबलेट दिया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
टैबलेट के जरिए अफसर सीधे तौर पर शासन के सीधे टच में रहेंगे। सरकार का यह तोहफा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले दिया गया है। इससे माना जा रहा है कि सरकार अफसरों को खुश रखना चाहती है,ताकि अफसरों में किसी भी तरह की नाराजगी न हो।