शाहबाद। लक्खी बाग स्थित कोठी की चौकदारी करने वाले चौकीदार की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना किया। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामपुर भेज दिया है। परिजनों की ओर से मात्र शव के पीएम की तहरीर ही दी गई थी।
शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के पशुपुरा गांव निवासी भूकन सिंह (55) अपने गांव के दूसरे चौकीदार ओमवीर के साथ लक्खी बाग स्थित कोठी की चौकीदारी करते थे। बुधवार सुबह को परिजनों को सूचना दी गई, कि चौकीदार भूकन सिंह चोटिल हालात में लक्खी बाग के निचले हिस्से के खेत की झाड़ियों में पड़े हुए हैं। सूचना पर परिजन पहुंचे और चोटिल हालात में पड़े हुए चौकीदार को उठाकर एंबुलेंस के माध्यम से शाहबाद की सीएचसी लेकर आए जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भूकन सिंह के सिर और हाथों में चोट के निशान थे और सिर से खून भी निकला है। उधर सूचना पाकर कोतवाल संजय तोमर भी मौके का मुआयना करने के लिए लक्खी बाग पहुंचे। कयास लगाए जा रहे हैं कि किन्ही परिस्थितियों में चौकीदार भूकन सिंह नीचे झाड़ियों में गिर गए जिससे उनकी मृत्यु हुई है। फिलहाल पुलिस इस प्रकरण की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। कोतवाल संजय तोमर ने बताया कि नीचे गिरने से अधेड़ की मृत्यु हुई है। परिजनों की ओर से शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी गई। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामपुर भेज दिया।