केमरी थाने में बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी पुत्री के फोन पर बिहार के जिला रोहतास के ग्राम बिक्रमगंज निवासी आमिर ने मिस कॉल की थी। मिस कॉल के बाद आमिर ने उसकी पुत्री से दोस्ती कर ली और फोन पर चोरी छुपे बातचीत करने लगा। आमिर ने करीब छह माह पहले उसकी पुत्री को केमरी के मोहल्ला माजुल्लानगर निवासी फैजान पुत्र नमर अली की मदद से रामपुर के एक होटल में ले गया।
होटल में नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो व वीडियो बना ली। विरोध करने पर उसके फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद आमिर ने अश्लील फोटो व वीडियो फैजान को दे दी। फैजान ने फोटो और वीडियो के जरिये उसकी पुत्री को ब्लैकमेल करते हुए दुष्कर्म किया। फैजान ने एक लाख रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर फैजान ने वीडियो और फोटो वायरल कर दिए।
केमरी थाना प्रभारी राजीव कुमार गंगवार ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई और जांच की जा रही है। शीघ्र ही दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।