टांडा (रामपुर)। सोने का कारोबार करने का झांसा देकर एक युवक नगर के लोगों से 76 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। मामले की जानकारी होते ही हड़कंप मच गया। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक को हिरासत में ले लिया। बाद में दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पकड़े गए युवक को गिरफ्तार कर लिया।
नगर के मोहल्ला भब्बलपुरी निवासी मो. यासिर ने रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आकाश शंकर इगले निवासी थाना औंद जिला सतारा महाराष्ट्र, यहां टांडा के मोहल्ला भब्बलपुरी में अपने परिवार के साथ किराए पर रहता था। लंबे समय से परिवार सहित रहने वाला शंकर नगर में सोना-चांदी बेचने का कार्य करता है। युवक ने उसको व अन्य एक दर्जन लोगों से कुल 76 लाख रुपये अपने सोने के कारोबार में लगाने की बात कहकर ले लिए। लेकिन, लंबा समय बीत जाने के बाद भी युवक ने पैसे नहीं लौटाए और जब पैसे मांगने वे युवक के घर पहुंचे तो वह परिवार समेत फरार हो गया।
76 लाख रुपये लेकर भागने की सूचना पर लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने युवक को तलाश करना शुरू किया। पहले कुंदरकी स्थित युवक के चाचा के घर पर छापामारी की गई। बाद में आरोपी आकाश शंकर को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी आकाश शंकर इगले को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।