नगर और क्षेत्र में लाटरी के नाम पर साठ लोगों से सवा करोड़ रुपये ठगने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ितों ने एसपी से मामले की शिकायत की थी। एसपी के आदेश पर पुलिस ने पांचों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
केमरी के मोहल्ला माजुल्लानगर निवासी शरीफ अहमद आदि ने रिपोर्ट लिखाई है कि ग्राम धावनी हसनपुर निवासी मोहम्मद जफर का नगर में मेडिकल स्टोर है। रिपोर्ट में दर्शाया है कि जफर ने अपनी पत्नी अंजुम बी और गांव जाकिर, अंग्रेज खां, विसारतनगर निवासी मुन्ना मलिक की मदद से लाटरी डालने का काम शुरू किया।
आरोप है कि उन्होंने साठ लोगों से 1.20 करोड़ रुपये एकत्र कर लिए और हड़प लिए। इसके बाद सभी लोग भाग गए। पुलिस ने एसपी के आदेश पर पांचों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। ज्ञात हो कि ग्राम बेरखेड़ा निवासी एक व्यक्ति ने क्षेत्र के तमाम लोगों से हजारों रुपये ऐंठ लिए थे। मगर, पुलिस ने तहरीर के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।