स्वार के चौहद्दा कोसी खादर में खनन धंधेबाजों के बीच हवाई फायरिंग में चार गिरफ्तार
पुलिस ने छह नामजद सहित तीन-चार अज्ञात के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
रामपुर। सोमवार को खनन कारोबार में वर्चस्व को लेकर खनन धंधेबाजों के दो गुट स्वार के चौहद्दा खादर में आमने-सामने आ गए थे। इनके बीच जमकर मारपीट हुई, जिसके बाद हवाई फायरिंग हो गई थी। सूचना पर थाना टांडा पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। इस दौरान पुलिस को आता देख सभी मौके से फरार हो गए, लेकिन बाद में पुलिस ने दबिश देकर चार लोगों को पकड़ लिया। पुलिस चारों को पकड़कर थाने ले आई और छह नामजद सहित तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली हैं। पुलिस ने मौके से 29 खोखे और एक कारतूस बरामद किए हैं। जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि कितनी देर तक हवाई फायरिंग की गई थी।
सोमवार को खनन से लदे वाहनों को खेत से निकालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। जिसके बाद दो पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में मारपीट के बाद जमकर हवाई फायरिंग हुई। गनीमत रही कि फायरिंग में किसी को गोली नहीं लगी। लेकिन, इससे जंगल में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया और खेतों में काम कर रहे लोग दहशत से घरों की ओर दौड़ पड़े। सूचना के बाद मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संसार सिंह, क्षेत्राधिकार स्वार श्रीकांत प्रजापति, एसडीएम टांडा राजेश कुमार, तहसीलदार अवनीश कुमार, कोतवाल हरेंद्र सिंह और नायब तहसीलदार शरद सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस को आता देख सभी मौके से फरार हो गए। इस दौरान अधिकारियों ने घटना की जांच की, जिसमें पता चला कि एक पक्ष रामसराय स्टोन क्रेशर और दूसरा पक्ष स्वार क्षेत्र के गांव चौहददा का रहने वाला है। पुलिस ने मौके से चार ट्रैक्टर, 29 खोखे और एक कारतूस बरामद कर लिए। बाद में पुलिस ने दरोगा सतीश कुमार की तहरीर के आधार पर चौहद्दा गांव निवासी संदीप उर्फ सोनू, साहब सिंह, मांझा फार्म निवासी अजयपाल, राजेश्वर सिंह, कुंडा काशीपुर निवासी राहुल और पट्टी कला निवासी राजू सहित तीन-चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी अजयपाल, राहुल, संदीप और साहब सिंह है। इनके कब्जे से चार तमंचे और छह कारतूस भी बरामद किए हैं।