मिलक खानम थाना क्षेत्र के एक गांव के पूर्व प्रधान के अवसाद ग्रस्त बेटे ने खुद को तमंचे से गोली मार कर आत्महत्या कर ली। हालांकि परिजन उसे अस्पताल भी लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है।
मिलक खानम थाना क्षेत्र के गांव पिपलिया जट निवासी पूर्व प्रधान अली अहमद का बेटा राशिद अली (36) मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। पुलिस को परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार राशिद मोटर बाइंडिंग का काम करता था। बुधवार की शाम वह अपनी दुकान से आया और दूसरी मंजिल पर बने अपने कमरे में चला गया। इसी दौरान कुछ देर बाद कमरे में गोली चलने की आवाज आई।
गोली चलने की आवाज सुनकर भाई और अन्य परिजन घबरा गए और आनन-फानन में कमरे में पहुंचे। जहां परिजनों ने देखा कि कमरे में राशिद अली लहूलुहान पड़ा था। यह दृश्य देख कर परिजनो के होश उड़ गए। वह तत्काल ही अपनी गाड़ी से उसे उत्तराखंड के अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। डाक्टर के पास ले गए लेकिन डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
परिजन शव लेकर घर आये तो कोहराम मच गया। परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार राशिद का मुरादाबाद के एक मनोचिकित्सक से उपचार भी चल रहा था, वह अवसाद (डिप्रेशन) में रहता था। सूचना पर पुलिस भी मौके पर आ गई और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।