स्वार। थाना मिलकखानम के पीपली वन के आर्यनगर चौकी क्षेत्र में तस्करों के घुसते ही वन कर्मियों ने फायरिंग कर खदेड़ दिया। इस दौरान तस्कर अपनी तीन बाइकें भी छोड़ गए। एसडीओ वन ओम प्रकाश राम ने बताया कि तस्करों को चिह्नित करने करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार और मंगलवार की रात तस्करों ने क्रमश: बीट नंबर 11 और आर्यनगर बीट में खैर के पेड़ काटे थे। डीएफओ प्रणव जैन ने अवैध कटान रोकने के सख्त निर्देश दिए थे। बृहस्पतिवार की रात सुरक्षा कर्मियों ने आर्यनगर चौकी क्षेत्र में आहट सुनी तब उन्होंने तस्करों को ललकारा। बताते हैं कि तस्कर मंगलवार की रात काटे गए पेड़ों की लकड़ियां उठाने के लिए आए थे, लेकिन आहट होने पर वन सुरक्षा कर्मियों ने तस्करों पर फायरिंग कर दी, जिसके चलते तस्कर भाग खड़े हुए। फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
वन सुरक्षा कर्मियों ने मौके से तस्करों की तीन बाइकें बरामद कर अपने कब्जे में ले ली हैं। इसके अलावा पहाड़गंज के रक्बे से खैर के आठ गोटे भी बरामद किए गए हैं। एसडीओ वन ओम प्रकाश राम ने बताया कि तस्करों को चिह्नित किया जा रहा है, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बताया कि वन क्षेत्र में सतर्कता और बढ़ाई गई है। उधर, पीपली वन बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष अहमद जान का कहना है कि पीपली वन में लंबे समय से अवैध कटान जारी है और इसमें कुछ वन कर्मियों की मिलीभगत से तस्करों के हौसले बुलंद हैं। समय रहते इनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।