रामपुर। जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। जिसमें गांधी समाधि पर सुबह आठ बजे ध्वजारोहण होगा।
प्रभारी अधिकारी समारोह व नगर मजिस्ट्रेट रामजी मिश्र ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रमों के तहत प्रात: आठ बजे गांधी समाधि पर ध्वजारोहण एवं राष्ट्रीयगान का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार प्रात: नौ बजे सभी सरकारी व गैर सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण व राष्ट्रीय गान का आयोजन होगा। प्रात: 11 बजे से जिला चिकित्सालय एवं आश्रम पद्धति स्कूल, रामपुर में वीर खालसा सेवा समिति एवं राजकीय शिशु सदन में रोटरी क्लब रामपुर द्वारा फल एवं मिष्ठान वितरण किया जाएगा।
12 बजे प्रधानाचार्य राजकीय रजा इंटर कालेज में निबंध प्रतियोगिता का ऑनलाइन आयोजन कराया जाएगा, जिसमें स्वतंत्रता दिवस, स्वतंत्रता सेनानी, कोरोना वायरस संक्रमण-रोकथाम एवं उपाय, शिक्षा का महत्व, पौधरोपण के विषय रहेंगे। अपरान्ह तीन बजे नगरपालिका परिषद रामपुर द्वारा चयनित नगर की चार मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान तथा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के आयोजन के साथ ही जनपद के समस्त अधिशासी अधिकारियों द्वारा नगरपालिका परिषद व नगर पंचायत में कोविङ-19 के दृष्टिगत सैनिटाइजेशन व सफाई कार्य तथा स्कूलों के आसपास विशेष सफाई व्यवस्था कराई जाएगी।
नगर क्षेत्र में गांधी समाधि, नगरपालिका परिषद, रामपुर एवं आंबेडकर पार्क एवं सरकारी भवनों पर 14 अगस्त की रात्रि से ही विद्युत सजावट की जाएगी। इसी प्रकार के कार्यक्रम जनपद की समस्त तहसीलों एवं विकास खण्डों में कोविङ-19 के दृष्टिगत सोशल डिस्टेन्सिंग, मास्क और सेनेटाईजेशन के साथ कराए जाएंगे।