पटवाई (रामपुर)। क्षेत्र में एक बंद पड़ी राइस मिल में चल रहे जल जीवन मिशन के गोदाम में अचानक आग लग गई। फायर बिग्रेड के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह आग पर काबू पाया। वहीं दूसरी ओर मिलक रोड पर ही पशु अस्पताल के पास पेड़ों में अचानक आग लग गई।
मिलक स्थित एक राइस मिल पिछले काफी समय से बंद है। यहां पर जल जीवन मिशन योजना के तहत आने वाले सामान का गोदाम भी है। शनिवार की रात करीब तीन बजे अचानक मिल में भीषण आग लग गई। आग की लपटो से मिल में सो रहे कार्मचारियों की आंख खुल गई। उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस व दमकल विभाग को दी। सूचना के बाद मोके पर प्रोजेक्ट मैनेजर भी पहुंच गए। 112 डायल पुलिस भी आ गई। दमकल की गाडियों ने यहां पहुंचकर आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने का कारण पता नहीं लग पाया है। आग बुझाने तक यहां रखे पाइप, टंकियां जलकर राख हो गए।
प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप ने बताया कि रात में मिल में रखे पाइपों में किसी टाइम आग लग गई। जल जीवन मिशन के तहत बनाई जा रही टंकियों के पाइप राइस मिल में रखे हुए थे। वह जलकर राख हो गए। करीब डेढ़ करोड़ के नुकसान का अंदाजा है। वहीं दूसरी ओर मिलक रोड पर पशु चिकित्सालय के आगे लगे पेडों में बिजली की लाइन से आग लग गई। सूचना पर दमकल की एक गाडी ने पहुंचकर आग पर काबू पाया।