शाहबाद। कोतवाली क्षेत्र के पशुपुरा गांव निवासी चौकीदार भूकन सिंह की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
भूकन सिंह (55) गांव के दूसरे चौकीदार ओमवीर के साथ लक्खी बाग स्थित कोठी की चौकीदारी करते थे। छह अप्रैल सुबह को परिजनों को सूचना मिली थी, कि चौकीदार भूकन सिंह चोटिल हालात में लक्खी बाग के निचले हिस्से के खेत की झाड़ियों में पड़े हुए हैं। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन भूकन सिंह को एंबुलेंस के माध्यम से शाहबाद सीएचसी लेकर पहुंचे थे। जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। सूचना पाकर कोतवाल संजय तोमर भी मौके का मुआयना करने के लिए लक्खी बाग पहुंचे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामपुर भेज दिया था। गुरुवार सुबह को परिजन मृतक के शव को लेकर कोठी के मुख्य दरवाजे पर (नोबत खाने) पर लेकर पहुंचे। परिजन शव को रखकर मुआवजे कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। परिजनों और परिचितों को समझाकर हटा दिया गया था। इस प्रकरण में मृतक चौकीदार के बेटे राकेश ने दूसरे चौकीदार ओमवीर और कोठी के मुख्य दरवाजे की रखवाली करने वाले शाहबाद के रशीद खान के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।