पुराना गंज स्थित कुम्हारों वाली गली में सौ रुपये के मामूली विवाद में हुए बवाल पर शनिवार को दूसरे पक्ष से भी एफआईआर दर्ज हो गई है। वार्ड के सभासद और इंडरी गांव के प्रधान सहित 59 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस रिपोर्ट में आरोपियों पर बलात्कार, जानलेवा हमला, लूटपाट और आगजनी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
शुक्रवार की सुबह पुराना गंज स्थित कुम्हारों वाली गली में बच्चों के विवाद पर दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए थे। उनके बीच बातचीत के दौरान मारपीट शुरू हो गई थी। पथराव और फायरिंग हुई। पांच मोटर साइकिलों को भी फूंक दिया गया था। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एक पक्ष से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के नगर कार्यवाह सुंदरलाल सिंघानिया को गिरफ्तार कर लिया था। एक पक्ष के अनवार की ओर से शुक्रवार को ही 20 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।
बताते हैं कि दूसरे पक्ष से रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। भाजपा सहित हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और गंज पुलिस की शिकायत की। एसपी के आदेश पर दूसरे पक्ष की महिला की तहरीर पर दूसरे पक्ष के कुल 50 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
इसमें वार्ड सभासद मुराद कलीम, इंडरी गांव के प्रधान नईम, अनवार, नब्बू, केसर अली, मोहम्मद रफी, वली मोहम्मद, महमूद, जाकिर को नामजद किया है, जबकि करीब चालीस-पचास को अज्ञात में रखा गया है।