रामपुर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के कार्यकर्ताओं ने बिजली की समस्या को लेकर अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया और धरना देते हुए एक ज्ञापन भी सौंपा।
सभी कार्यकर्ता प्रदेश कैंप कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां से प्रदेश महासचिव हसीब अहमद के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों पर समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ देर बाद वहीं धरने पर बैठ गए। इस दौरान तेज बारिश आ गई, लेकिन किसान धरने पर ही डटे रहे। किसानों ने जब बेमियादी धरने की चेतावनी दी तो विभाग में खलबली मच गई। एसई ने किसानों को वार्ता के लिए बुला लिया। किसानों ने पहले ज्ञापन सौंपा और फिर समस्या बताई। सैदनगर ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी राजपाल ने बताया कि सैदनगर में कम क्षमता का ट्रांसफार्मर है, जिससे परेशानी हो रही है। कई बार अवगत कराने के बाद भी ज्यादा क्षमता का ट्रांसफार्मर नहीं लगाया है। प्रदेश सचिव दरियाब सिंह ने बड़ागांव, सुलेमान ने खिजरपुर की समस्या से अवगत कराया। मिलक के मेघा नगला, हरजीपुर, आगापुर और शाहबाद की समस्याओं से भी एसई को रूबरू कराया। धरना देने वालों में मंजीत सिंह अटवाल,मोहम्मद तालिब, रामबहादुर,राहत खां, दरबारी लाल शर्मा, प्रमोद यादव, रामदास मौर्य, ख़लील अहमद, जुबैद आलम, शंकर लाल लोधी, रणवीर सिंह, मोहम्मद मुस्तकीम, पप्पू यादव आदि मौजूद रहे।