मिलक (रामपुर)। डीएम आन्जनेय कुमार सिंह ने अवैध कब्जे और अपात्रों के आवासों को लेकर अधीनस्थों को कार्रवाई के आदेश दिए। वहीं, दूसरी ओर अधिवक्ता हाल के पास रास्ते पर अतिक्रमण करने वालों को हटाने के आदेश दिए। डीएम ने सुरक्षा की शपथ दिलाई।
नगर के जूनियर हाईस्कूल में डीएम आन्जनेय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में 58 शिकायतें आईं। जिसमें राजस्व विभाग के 17, पुलिस विभाग के आठ, विकास विभाग के 10 तथा अन्य विभागों के 23 शिकायतों के संदर्भ आए। डीएम ने नगर के मुहल्ला रोरा खुर्द में नालियों में मैला बहने पर रोक लगाने की शिकायत की। जिसपर डीएम ने ईओ छोटे कन्हैया सिंह को कार्रवाई के आदेश दिए। नगर और क्षेत्र में मढ़ी और चकमार्ग पर अवैध कब्जे पर डीएम ने उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सागर और ईओ को अवैध कब्जेदारों पर कार्रवाई के आदेश दिए। रोरा कला में अपात्रों के आवासों को लेकर डीएम ने ईओ से रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने अपात्रों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए। अशोकपुर गांव के मानसिंह ने एक आढ़ती पर चेक के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। उसका कहना था कि आढ़ती ने चेक दिया था, लेकिन उसके खाते में धनराशि नहीं है। डीएम ने पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए। ओम प्रकाश नगला उदई ने आवास के नाम पर 30 हजार की ठगी का आरोप लगाया। जिसपर जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। इकरार सिद्दीकी ने वार्ड 11 और 14 में खस्ताहाल सड़क सही कराने, रोरा कला के गणेश देव ने अपने नाम का बिजली मीटर दूसरे के यहां लगने की जांच कराने की मांग की। डीएम ने चार शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया। छह टीमें गठित करके मौके पर भेजीं। डीएम ने अन्य विभागों से गुणवत्ता के आधार पर निस्तारण के आदेश दिए। डीएम ने स्वयं सहायता समूहों को सिलाई के चेक दिए और कृषि विभाग की ओर से दलहन और तिलहन के किट वितरित किए। संपूर्ण समाधान दिवस में मिशन शक्ति को लेकर सुरक्षा शपथ दिलाई। इस बीच डीएम अचानक तहसील पहुंचे। जहां पर उनकी तहसील के रास्ते में उनकी कार फंस गई। जिस पर उन्होंने अधिवक्ता हाल के पास रास्ते में अतिक्रमण हटाने के आदेश एसडीएम मनोज कुमार सागर को दिए। डीएम ने कहा वकीलों से बात करें और तत्काल तहसील जाने वाले रास्ते से अतिक्रमण हटवाएं। समाधान दिवस में एसपी शगुन गौतम, उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सागर, तहसीलदार अर्चि गुप्ता, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजेश कुमार, बीएसए ऐश्वर्या लक्ष्मी, ईओ छोटे कन्हैया सिंह, डॉ. मोहित रस्तोगी, प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, बीआईओ विनोद कुमार आदि तहसील और जिले के अधिकारी रहे।