रामपुर। जिले भर में शनिवार शाम को आई आंधी से रामपुर शहर में आधी रात और ग्रामीण इलाके में रातभर बिजली ठप रही। बिजली ठप होने से लोग गर्मी से बेहाल रहे। रामपुर शहर के शाहबाद गेट और अजीतपुर बिजलीघर क्षेत्र में भी रातभर बिजली ठप रही। विद्युतापूर्ति ठप रहने से लोग गर्मी से बेहाल हो गए। रविवार को दोपहर एक बजे जिलेभर की विद्युतापूर्ति सुचारु हो पाई।
शनिवार की शाम करीब सात बजे जिलेभर में आई आंधी और बारिश के कारण जिलेभर की विद्युतापूर्ति सुरक्षा के कारण बंद कर दी गई थी। करीब दो घंटे तक आंधी और तेज हवाओं के चलने से बिजली बंद रही। जब आंधी का प्रकोप कुछ कम हुआ और बिजली आपूर्ति चालू की गई तो 33 केवीए और 11 केवीए की लाइनों में ब्रेक डाउन हो गया। कहीं लाइनों पर पेड़ गिर गए तो कहीं तार टूट गए। अजीतपुर और शाहबाद गेट बिजलीघरों को आ रही एचटी लाइनों पर पेड़ गिरने से रातभर इन इलाकों की बिजली ठप रही। रविवार को दोपहर 12 बजे सप्लाई चालू हो पाई। करीब 16 घंटे बिजली ठप रहने से लोग गर्मी से बेहाल हो गए। जलापूर्ति ठप होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। रामपुर शहर के किला, डूंगरपुर, रजा इंटर कालेज, सिविल लाइंस, किला, आंबेडकर पार्क, नवाब गेट, बिलासपुर गेट, पनवड़िया, पहाड़ी गेट बिजलीघरों से जुड़ी विद्युतापूर्ति रात करीब एक बजे सुचारु हो पाई।
आंधी के कारण टांडा से दढ़ियाल, मसवासी और स्वार बिजलीघरों को सप्लाई करने के लिए जा रही 33 केवीए की एचटी लाइन के जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने और लाइन पर पेड़ गिरने से रातभर सप्लाई बाधित रही। रविवार को सुबह करीब 10 बजे विद्युतापूर्ति सुचारु हो पाई। रातभर बिजली ठप होने से लोग परेशान हुए। मिलक खानम बिजलीघर की 11 केवीए लाइनों में फाल्ट होने से रातभर बिजली ठप रही।
आंधी के कारण बिलासपुर नगर की बिजली तो चार घंटे बाद ही चालू कर दी गई थी। लेकिन, ग्रमीण क्षेत्र के बिजलीघरों केमरी, भोट, बेगमाबाद, गोदी, डिबडिबा,अशोक नगर बिजलीघर क्षेत्रों में आंधी से 11 केवीए लाइन के पोल टूटने और लाइनें क्षतिग्रस्त होने से रातभर बिजली ठप रही। बिजली ठप रहने से लोग परेशान हो गए। रातभर बिजली ठप रहने के बाद रविवार को दोपहर एक बजे तक विद्युतापूर्ति नार्मल हो पाई। बिलासपुर इंडस्ट्रियल फीडर की बिजली दोपहर दो बजे चालू हो पाई थी।