बिलासपुर। खजुरिया थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह खेत पर जा रहे एक बुजुर्ग किसान पर छुट्टा सांड़ ने हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। उत्तराखंड में प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें घर ले आए हैं। अब उनका उपचार घर पर चल रहा है।
खजुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम औरंगनगर खेड़ा निवासी रोशन लाल शनिवार सुबह करीब 10 बजे अपने खेत पर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के पास एक छुट्टा सांड़ ने उन पर अचानक हमला कर दिया। परिजनों के अनुसार किसान की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें सांड़ के चंगुल से बचाया।
इसके बाद परिजन उन्हें क्षेत्र के एक चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें रुद्रपुर के एक अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें हल्द्वानी के एक अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों का कहना है कि हल्द्वानी में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया और अब घर पर ही उनका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद गांव में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में छुट्टा पशुओं और सांड़ों का आतंक है। इससे किसानों को खेतों पर जाने और स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत होती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में घूम रहे छुट्टा पशुओं और सांड़ों को पकड़कर गोशाला भेजने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।