स्वार में हादसा, बैलगाड़ी चालक ने कूदकर बचाई जान, डंपर चालक पुलिस की हिरासत में
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वार। घने कोहरे के कारण शुक्रवार सुबह रामपुर मार्ग पर बिजली घर के सामने एक डंपर ने बैलगाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे में बैलगाड़ी चालक ने कूदकर अपनी जान बचा ली, जबकि दोनों बैल गंभीर रूप से घायल हो गए। डंपर चालक पुलिस की हिरासत में है।
कोतवाली क्षेत्र के धनौरी गांव निवासी गुड्डू सुबह बैलगाड़ी में रेत भरकर स्वार की ओर आ रहा था। जैसे ही वह बिजली घर के सामने सड़क पर पहुंचा, तभी बाजपुर की ओर से आ रहे डंपर ने बैलगाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बैलों की टांगें टूट गईं। उसने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। मौके पर आसपास के तमाम लोग आ गए। वह घायल बैलों को उपचार के लिए ले गए।
इस बीच सूचना मिलने पर पुलिस आ गई और डंपर चालक को हिरासत में ले लिया। घने कोहरे और रोड चौड़ीकरण के गड्ढों के कारण स्वार से समोदिया के बीच शुक्रवार को यह पांचवां सड़क हादसा हुआ है।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नगर अध्यक्ष अनवर अली ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए तत्काल रिफ्लेक्टर, संकेतक की व्यवस्था कराने की मांग की है।
सीओ अतुल कुमार पांडेय ने बताया कि लोक निर्माण विभाग को व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि हादसों को रोका जा सके।