रामपुर। शहरी क्षेत्र में चलाए गए दस्तक अभियान के दौरान चिह्नित मरीजों का हाल-चाल जानने के लिए जिलाधिकारी ने रामपुर शहर के मोहल्ला खटकान और विष्णु विहार कॉलोनी पहुंच कर संदिग्ध मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने मोहल्ला खटकान में संदिग्ध मरीजों के दरवाजे पर पहुंचकर दस्तक अभियान के दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए सर्वे के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा टीम द्वारा मुहैया कराई गई मेडिकल किट के बारे में भी पूछा। उन्होंने मरीजों से मेडिकल किट की दवाइयों का उपयोग करने के बाद फायदा होने के बारे में भी पूछा, जिस पर मरीज और उनके परिजनों ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि उन्हें समय से मेडिकल किट मिल गई थी, जिससे अब उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या नहीं हो रही है और वह पूरी तरह स्वस्थ महसूस कर रहे हैं। आशाओं द्वारा संदिग्ध मरीजों के स्वास्थ्य की मानिटरिंग के बारे में जिलाधिकारी के पूछने पर मरीजों ने बताया कि आशा लगातार परिवार से पूछताछ करती रहती हैं और स्वास्थ्य संबंधी कोई भी समस्या होती है, तो वे तुरंत हर तरीके से सहायता उपलब्ध कराती हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि संदिग्ध मरीज अपने स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल करें तथा किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर तुरंत कंट्रोल रूम को फोन करके अवगत कराएं तथा जरूरी स्वास्थ्य उपचार प्राप्त करें। स्थानीय लोगों द्वारा कूड़ा निस्तारण के लिए डस्टबिन रखने के अनुरोध पर जिलाधिकारी ने तत्काल अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि वे यथाशीघ्र डस्टबिन रखवाना सुनिश्चित करें, ताकि स्थानीय लोगों को सुविधा हो सके। विष्णु विहार कॉलोनी पहुंचकर भी जिलाधिकारी ने चिह्नित संदिग्ध मरीजों के स्वास्थ्य का हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों से कोविड टेस्ट कराए जाने के बारे में पूछा तथा कहा कि वे अपने स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग करते रहें और लापरवाही बिल्कुल न बरतें। उन्होंने पेयजल की उपलब्धता के बारे में भी स्थानीय लोगों से बातचीत की। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि नियमित रूप से सैनिटाइजेशन का कार्य होना चाहिए तथा नालों में गंदगी के कारण जलभराव की समस्या किसी भी दशा में उत्पन्न न होने पाए। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव यादव मौजूद रहे।