शाहबाद। छात्रों के दो गुटों के बीच लाठी-डंडे के साथ मारपीट हो गई। इस बीच एक युवक ने तमंचा निकाल लिया। जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांच छात्रों को हिरासत में ले लिया। जिसके बाद पुलिस की सूचना पर परिजन भी कोतवाली आ गए। इस दौरान पुलिस ने पांचों छात्रों को समझाकर छोड़ दिया।
बृहस्पतिवार को छात्रों के दो गुटों में विवाद हो गया। जिसमें दोनों गुटों के छात्र लाठी-डंडे के साथ मारपीट करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुटों में से एक युवक ने तमंचा भी निकाल लिया था। लेकिन, इस बीच सूचना पाकर शाहबाद कोतवाली से पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने लाठी फटकारते हुए छात्रों को तितर-बितर किया गया। पुलिस ने मौके से पांच छात्रों को पकड़ लिया। जिनको पुलिस कोतवाली ले आई। बताया गया कि दोनों गुटों में लंबे समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था और बृहस्पतिवार को आमने-सामने आ गए। पुलिस ने सभी छात्रों को नसीहत देते हुए अभिभावकों को बुलाकर उन्हें छोड़ दिया। इस प्रकरण में कोतवाल बिजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों गुटों के अभिभावकों को बुलाकर लिखित कार्रवाई की जाएगी। जिस युवक के पास तमंचा निकालने की बात सामने आई है। वह रम्पुरा का बताया जा रहा है। जांच की जाएगी। कोतवाल ने बताया कि सभी छात्र अंडर ग्रेजुएशन के हैं।