रामपुर। पंचायत सहायकों के मानदेय में वृद्धि की मांग पर राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सुनील यादव के नेतृत्व में युवाओं ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इसके बाद नारेबाजी करते हुए संबंधित अधिकारी के माध्यम से पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सहायक ऑनलाइन सेवाओं, सरकारी योजनाओं के डेटा अपडेट, जन सेवा केंद्र संचालन और विभिन्न प्रशासनिक कार्यों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें प्रतिमाह मात्र छह हजार रुपये मानदेय मिल रहा है, जो वर्तमान महंगाई के दौर में बेहद अपर्याप्त है।
सुनील यादव ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मानदेय वृद्धि का निर्णय नहीं लिया गया तो रामपुर से लखनऊ तक पदयात्रा निकाली जाएगी और प्रदेश स्तर पर आंदोलन को तेज किया जाएगा।
इस दौरान विकल श्रीवास्तव, गौरव सैनी, निशा सैनी, श्याम यादव, ईश्वर सिंह, गुरदीप, विशाल, राहुल, बॉबी, अमन, आजाद, सचिन आदि मौजूद रहे।