खटीमा-पानीपत हाईवे पर रविवार को पट्टीकलां के पास उत्तराखंड परिवहन निगम की बस ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। दंपति की मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर राहगीरों ने हंगामा भी किया। चालक फरार हो गया। बस को आईटीआई पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मसवासी क्षेत्र के गांव मंसूरपुर निवासी कमाल सिंह अपनी पत्नी कलावती के सात रविवार दोपहर बाइक से अपनी लड़की की ननद की लगुन में शामिल होने के लिए उत्तराखंड के कस्बा जसपुर जा रहे थे।
जैसे ही वो परमानंदपुर के समीप पहुंचे सामने से आ रही उत्तराखंड परिवहन निगम की बस ने बाइक में टक्कर मार दी। कलावती की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर अवस्था में कमाल सिंह को राहगीरों ने काशीपुर अस्पताल भेजा, लेकिन उनकी भी रास्ते में मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। गुस्साए लोगों ने एनएच-74 पर हंगामा भी किया। हंगामे की सूचना मिलते ही थाना आईटीआई पुलिस मौके पर पहुंच गई।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए काशीपुर भेज दिया है। बस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। दंपति की मौत की सूचना जैसे ही उनके गांव मंसूरपुर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजन काशीपुर के लिए रवाना हो गए हैं।