मंगलवार को बिलासपुर में लूटपाट के बाद चिकित्सक से पूछताछ करती पुलिस।
नगर की शांतिनगर कालोनी में स्थित डाक्टर संतोष जनार्दन के क्लीनिक में मरीज बनकर आए दो बदमाशों ने डाक्टर दंपति से 15 हजार रुपये की नगदी और तीन लाख रुपए के जेवर लूट लिए। विरोध करने पर लुटेरों ने डाक्टर दंपति पर तमंचा तानकर पांच लाख रुपए की डिमांड रखी थी। लूट की घटना के बाद दहशत फैल गई।
नगर के मोहल्ला शांतिनगर कालोनी में डा. संतोष जनार्दन का घर में ही क्लीनिक है। मंगलवार अपरान्ह करीब दो बजे वह क्लीनिक पर थे। इस दौरान उनकी पत्नी सुनीता जनार्दन तथा कंपाउंडर फुरकान निवासी नगरिया कलां मौजूद थे। इसी बीच एक युवक चिकित्सक के पास पहुंचा और उसने स्वयं को अकबर खान बताते हुए पर्चा बनवाकर बुखार की दवा मांगी।
डाक्टर मरीज से पूछताछ कर रहे थे कि इस बीच एक नकाबपोश बदमाश क्लीनिक में घुस आया और डाक्टर पर हमलावर हो गया। इसके बाद मरीज और बदमाश डाक्टर को धमकाते हुए मकान के अंदर ले गए। बदमाशों ने तमंचों की नोक पर डाक्टर दंपति व कं पाउंडर को भी कब्जे में कर पांच लाख रुपये देने को कहा। विरोध करने पर मारापीटा और सेफ में रखे 15 हजार रुपये, सोने की तीन चेन, चार अंगूठी, झुमकी समेत करीब तीन लाख रुपये का माल लूट ले गए। इस दौरान बदमाशों ने सभी गेट बंद कर दिए थे। इसके बाद डाक्टर के फोन की बैटरी भी निकालकर सभी को मकान में बंद करके फरार हो गए।
डाक्टर के घर के बाहर शोरशराबा करके मोहल्ले के लोगों को घटना बताई। पड़ोसी व्यापार मंडल के नगराध्यक्ष हरबंश तनेजा आदि भी पहुंच गए। सूचना पर कोतवाली प्रभारी जीडी जोशी भी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी करने के बाद बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। मगर कोई सफलता नहीं मिली। घनी आबादी में दिन दहाड़े घटना से लोगों में दहशत पैदा हो गई। खबरी लिखने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। जबकि, कोतवाली प्रभारी का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है।