जनसंपर्क को गए प्रधान पद की प्रत्याशी के ससुर का अपहरण हो गया। पीड़ित के परिजनों ने दूसरे प्रत्याशी के पति समेत चार लोगों के खिलाफ अपहरण की तहरीर दी है। पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिपलाशिवनगर के प्रधान पद की महिला प्रत्याशी सुनीता के ससुर पीतांबर सिंह सोमवार को गांव में जनसंपर्क करने के लिए गए थे।
इसके बाद से वह घर पर नहीं लौटे। परिवार वालों ने करीब दस बजे रात में उनसे फोन पर बात की थी। इस दौरान उन्होंने थोड़ी देर में घर आने को कहा था। देर रात तक घर नहीं आने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
मंगलवार की सुबह परिवार वाले कोतवाली पहुंचे और प्रधान पद की दूसरी प्रत्याशी के पति समेत चार लोगों पर अपहरण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। उनका कहना है कि आरोपी लोगों ने उनका अपहरण कर लिया है। उन्होंने अनहोनी की आशंका भी जताई है।
वहीं, पुलिस ने प्रधान पद की एक प्रत्याशी के पति समेत चारों आरोपियों को हिरासत में लिया है। कोतवाली प्रभारी राघव राम मिश्रा का कहना है कि अभी मामले की तहरीर मिली है, लेकिन वह तहकीकात करके ही मुकदमा दर्ज करेंगे।