राजकीय पालीटेक्निक कालेज में वार्षिक खेलकूद समारोह के दौरान बुधवार को
भारी बवाल हो गया। इस दौरान एक छात्र को पीटे जाने से नाराज साथियों ने
कालेज में जमकर तोड़फोड़ की। साथ ही कालेज परिसर में खड़ीं दो बाइकों में
आग लगा दी। वहीं, एक कार को भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर डाला।
मौके पर पहुंची
पुलिस ने छात्रों को खदेड़कर स्थिति को किसी तरह काबू में किया। घटना के
बाद कालेज के स्टाफ में दहशत का माहौल है। मामले में पांच छात्रों के खिलाफ
रिपोर्ट दर्ज की गई है। राजकीय पालीटेक्निक में तीन दिन से कालेज की
वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता चल रही थी। बुधवार को प्रतियोगिता का समापन था।
समापन समारोह के बाद छात्रों ने भोजन के पैकेट की मांग रखी। इसको लेकर कुछ
छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिस पर पालीटेक्निक के एक शिक्षक ने एक
छात्र को थप्पड़ मार दिया। उस वक्त तो छात्र वहां से चला गया, लेकिन कुछ
देर बाद छात्र कालेज के खेल के मैदान में साथियों के साथ पहुंच गया, जहां
उन्होंने तोड़फोड़ शुरू कर दी।
इससे अफरातफरी मच गई। कालेज के स्टाफ ने
छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन उनका गुस्सा कम होता नजर नहीं आ रहा
था। इस दौरान छात्रों ने कालेज के शिक्षक अशोक कुमार व कमल कुमार की बाइक
को आग के हवाले कर दिया। इसके साथ ही कालेज के ही शिक्षक अशोक कुमार सिंह
की कार में भी जमकर तोडफ़ोड़ की।
गुस्साए छात्रों ने कालेज के मुख्य
कार्यालय के गेट पर भी तोडफ़ोड़ की। हंगामें की सूचना पर सीओ सिटी आले हसन,
सिविल लाइंस, कोतवाली व गंज थाने की भी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को
देख हंगामा और मारपीट करने वाले छात्र मौके से खिसक लिए। इस बीच फायर
ब्रिगेड को भी बुलवा लिया गया।
मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों ने आग को
बुझाया। पुलिस ने यहां से हंगामा कर रहे चार छात्रों को हिरासत में ले
लिया। घटना के बाद पुलिस बल यहां तैनात कर दिया गया है। पुलिस में कालेज के
प्रधानाचार्य की ओर से तहरीर दी जा रही है। पुलिस इन सभी से पूछताछ कर रही
है।