सैदनगर बाजार में नकली नोट खपाने के मामले में दर्ज मुकदमे में वांछित चल
रहे आरोपी को पकड़ने के लिए सीबीआई की टीम ने रामपुर के अजीमनगर थाना
क्षेत्र के अलियागंज गांव में छापा मारा। स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर की गई
कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और अपने साथ दिल्ली ले गई।
जानकारी
के मुताबिक दिल्ली से आई सीबीआई टीम ने अजीमनगर थाना की पुलिस के साथ
आलियागंज गांव में छापा मारा। इस दौरान सीबीआई और पुलिस की टीम ने आलियागंज
निवासी शफीक के घर को चारों ओर से घेर लिया। पुलिस को देखकर शफीक ने भागने
की कोशिश, लेकिन पुलिस ने उसको पकड़ लिया।
इसके बाद सीबीआई की टीम आरोपी
शफीक को अपने साथ दिल्ली ले गई। शफीक पर आरोप है कि वह बंगाल से नकली नोट
लाकर यहां पर खपाता है। नकली नोट के सौदा और बाजार में खपाने को लेकर उसके
खिलाफ गाजियाबाद में मुकदमा दर्ज है।
एसपी साधना गोस्वामी का कहना है कि
सीबीआई की टीम में गाजियाबाद में लगभग डेढ़ माह पहले नकली नोटों के साथ दो
लोगों को गिरफ्तार किया था। दोनों ने पूछताछ में रामपुर के शफीक का नाम भी
बताया था। शफीक के खिलाफ मुकदमा दर्ज था। वह इस मुकदमे में वांछित चल रहा
था।
उसकी गिरफ्तारी को लेकर सीबीआई की टीम यहां आई थी। स्थानीय पुलिस के
सहयोग से सीबीआई की टीम ने आलियागंज में छापा मारकर आरोपी को गिरफ्तार कर
लिया है। सीबीआई की टीम आरोपी को अपने साथ ले गई है।