मानव रहित रेलवे क्रासिंग के ट्रैक पर रविवार की रात गैस चालित कार अचानक बंद हो गई। इसी बीच वहां संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। ट्रेन को आते देख चालक कार छोड़कर भाग गया। इस दौरान ट्रेन की टक्कर से कार के परखचे उड़ गए। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
वहीं, रेलवे विभाग ने कार को कब्जे में लेकर स्वामी के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दे दी है। कोतवाली क्षेत्र के भैंसिया गांव जा रहे चालक की कार ज्वालापुर गांव के आगे मानव रहित रेलवे क्रासिंग के ट्रैक बंद हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक चालक ने कार को स्टार्ट करने का काफी प्रयास किया, मगर वह आगे नहीं बढ़ सकी।
इस दौरान दिल्ली की ओर से संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन भी आ गई। ट्रेन को आता देख चालक कार को छोड़कर भाग गया। ट्रेन की चपेट में आने से कार के परखचे उड़ गए। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान ड्राइवर ने ट्रेन को कुछ दूरी पर रोक दिया।
साथ ही घटना की जानकारी स्थानीय बिलासपुर रोड और रुद्रपुर रोड रेलवे स्टेशन को दी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। करीब आधा घंटा तक ट्रेन रुकने के बाद गंतव्य को रवाना हो गई।
सोमवार की सुबह लालकुआं रेलवे कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मोहम्म्द शकील भी अपनी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए और मौका मुआयना कर क्षतिग्रस्त कार के बारे में लोगों से जानकारी ली, मगर किसी ने भी कार व कार स्वामी के बारे में कुछ भी नहीं बताया। पुलिस कार को रुद्रपुर ले गई।
रेलवे विभाग के इंजीनियर आदि ने भी निरीक्षण कर मानव रहित रेलवे क्रासिंग के दोनों तरफ लगे खंभों पर संकेतांक पेंट कराए। जीआरपी निरीक्षक ने बताया कि कार स्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली प्रभारी जगदीश कुमार अरोरा ने बताया कि कार्रवाई रेलवे विभाग कर रहा है।