बलवे में अब्दुल्ला का करीबी आजम गिरफ्तार
रामपुर। विधानसभा चुनाव के दौरान स्वार में हुए बलवे के मामले में फरार चल रहे सपा विधायक अब्दुल्ला आजम के करीबी माने जाने वाले एक आरोपी आजम को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। टांडा पुलिस ने उसे गिरफ्तार करते हुए जेल भेजा है। इस मामले की रिपोर्ट स्वार कोतवाली में दर्ज की गई थी, जबकि मामले की तफ्तीश टांडा पुलिस कर रही है।
मामला स्वार कोतवाली क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। विधानसभा चुनाव के दौरान 15 फरवरी 2017 को मतदान के बाद सपा समर्थकों ने स्वार निवासी शानू पाशा के मकान पर धावा बोल दिया था, जिसके बाद लोगों ने जाम भी लगा दिया था। पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया। इस मामले की रिपोर्ट पूर्व मंत्री हाजी निसार हुसैन के बेटे मुस्तफा हुसैन ने स्वार कोतवाली में दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि नगर पालिकाध्यक्ष शफीक अहमद अंसारी के नेतृत्व में भीड़ ने उनके भांजे के घर पर हमला बोल दिया था। इस मामले की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की थी। बाद में इस मामले की तफ्तीश टांडा पुलिस को सौंप दी गई थी। टांडा पुलिस ने स्वार निवासी आरोपी आजम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसको बलवा करने, घर में घुसकर हमला करने समेत अन्य धाराओं में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।