अमर उजाला ब्यूरो
दलाश(कुल्लू)।
लूहरी-दलाश मार्ग पर वीरवार को सोईधार के समीप एक पिकअप सड़क से करीब 250 मीटर नीचे लुढ़क गई। हादसे में पिकअप में सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों को दलाश अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद रामपुर के खनेरी अस्पताल रेफर किया गया है, जहां एक की मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार दोपहर डेढ़ बजे एक पिकअप नंबर एचपी 06-0594 सोईधार के पास सड़क से करीब 250 मीटर नीचे लुढ़क गई। हादसे के वक्त पिकअप में सुनील कुमार और मेहर दास मौजूद थे, जो इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सोईधार और दलाश क्षेत्र के ग्रामीण मौके पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर घायलों को घटनास्थल से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस से दलाश अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार देने के बाद को रामपुर के खनेरी अस्पताल लाया गया है।
दलाश अस्पताल के डॉक्टर प्रवीण ने कहा कि दोनों घायलों के सिर पर गहरी चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद रामपुर के खनेरी अस्पताल रेफर किया गया है। जहां मेहर दास ने दम तोड़ दिया। इसकी पुष्टि डीएसपी आनी बलदेव ठाकुर ने की है। लूहरी पुलिस चौकी के हेड कांस्टेबल लोकेंद्र सिंह ने बताया कि लूहरी-दलाश मार्ग पर पिकअप के हादसा ग्रस्त होने से दो लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।