केमरी (रामपुर)। मजदूरी कर लौट रहे एक ग्रामीण राजू वाल्मीकि की हत्या उसके समधी ने ही उसकी पुत्री को भद्दी बात कहने पर शराब के नशे में कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने आरोपी के घर से कत्ल में प्रयुक्त पाटल भी बरामद किया है।
ज्ञात हो केमरी थाना क्षेत्र के गांव कोठरा निवासी राजू वाल्मीकि (50) मजदूरी करता था। 16 अगस्त को वह मजदूरी करने साइकिल से रामपुर गया था। रात को जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई थी और रात भर उसकी खोज की थी,मगर उसका कहीं पता नहीं चल सका था। 17 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे गंगापुर कदीम-फैजनगर के रास्ते किनारे उसकी खून से लथपथ लाश मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम को भेजा था। मृतक के पुत्र संजय ने अपने पिता की हत्या में शक के आधार पर ग्राम सिमरिया निवासी अपने ससुर रामौतार वाल्मीकि के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि शनिवार की सुबह आरोपी रामौतार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ करने पर उसने पुलिस को बताया कि मृतक राजू उसका समधी था और उसने अपनी पुत्री की शादी राजू के पुत्र संजय से की थी। उसने पुलिस को यह भी बताया कि 16 अगस्त को राजू ग्राम गंगापुर कदीम की बाजार में उसे मिला था। जहां उसने समधी की खातिरदारी के लिए शराब ली और दोनों ने मिलक शराब पी। शराब पीने के दौरान राजू ने उससे कहा कि वह मजदूरी करके पूरे घर का खर्चा चलाता है और तेरी पुत्री मेरा कहना नहीं मानती है। पुत्री को भद्दी बात कहने पर रामौतार को गुस्सा आ गया और उसने अपने साथ रखे पाटल से प्रहार कर दिया। इस दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह मृतक को मौके पर ही छोड़कर अपने घर भाग गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके ही घर से हत्या में प्रयुक्त पाटल बरामद कर उसका चालान कर दिया। पुलिस का कहना है कि शराब के नशे में भद्दी मजाक करने पर ही राजू की हत्या हुई थी।