मिलक (रामपुर)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का कोतवाली क्षेत्र के ही एक अन्य गांव की युवती से प्रेम हो गया। दोनों के बीच करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब इसकी जानकारी प्रेमी युगल के परिजनों को हुई तो करीब छह माह पूर्व उन्होंने विवाह तय कर दिया लेकिन, समय बीतने के बाद भी विवाह नहीं हुआ। आरोप है कि इस बीच युवक ने युवती से विवाह के लिए इंकार कर दिया जिस पर पीड़ित ने एसपी को पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। एसपी के आदेश पुलिसकर्मियों ने दोनों परिवारों को समझाकर प्रेमी युगल का कोतवाली परिसर स्थित मंदिर में ही विवाह करा दिया।
क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों के एक प्रेमी युगल में युवक द्वारा शादी तय होने के बाद इंकार करने पर युवती व परिजनों ने पुलिस से गुहार लगाई थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को वार्ता के लिए कोतवाली में बुला लिया। पुलिस के समक्ष युवती ने युवक के साथ विवाह करने की इच्छा जताई लेकिन, युवक लगातार विवाह करने से इंकार करता रहा जिस पर पुलिस ने समझाया कि अगर विवाह नहीं हुआ तो युवती की तहरीर पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद युवक व परिजन विवाह को तैयार हो गए।
कोतवाल सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि, युवती और युवक के बीच एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के परिवारों की सहमति के बाद छह माह पूर्व उनका विवाह तय कर दिया गया था। कुछ समय बाद युवक शादी से इंकार करने लगा। इसके बाद युवती ने एसपी से शिकायत की। एसपी के आदेश पर दोनों के परिवारों को वार्ता के लिए कोतवाली बुलाया गया। परिवारों की सहमति से दोनों ने कोतवाली स्थित मंदिर में विवाह कर लिया।