शाहबाद (रामपुर)। संक्रमित युवक को लेने पहुंची स्वास्थ्य टीम को युवक गच्चा देकर फरार हो गया। चिकित्सकों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया तो उन्होंने संक्रमित युवक को सरकारी कोविड सेंटर की जगह निजी अस्पताल में भर्ती कराने की बात कहते हुए टीम के साथ भेजने से इनकार कर दिया।
नगर के एक मोहल्ला निवासी युवक की तबीयत खराब होने पर उसकी मां उसे सीएचसी पर दवा दिलाने गई थी। इस दौरान युवक का एंटीजन टेस्ट कराया गया तो वह कोरोना संक्रमित मिला। साथ ही युवक का ऑक्सीजन लेबल भी काफी कम था। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जौहर मेडिकल कॉलेज में बने कोविड केयर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। एंबुलेंस को बुलाया गया, लेकिन युवक जाने के लिए तैयार नहीं था। उधर, उसकी मां भी उसे कोविड अस्पताल लेकर जाना नहीं चाह रही थी।
महिला डॉक्टरों पर आरोप लगाते हुए उसे ले जाने से मना करने लगी। एंबुलेंस आने के बाद एंबुलेंस ईएमटी विपिन कुमार और चालक हनीफ पीपीई किट पहनकर आए तो युवक उनसे हाथ छुड़ाकर फरार हो गया। उधर, डॉक्टर केके चहल ने संक्रमित के फरार होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर कांस्टेबल धर्मेंद्र और मंजीत देओल युवक के घर पहुंचे, लेकिन परिजनों ने पुलिस से युवक को सरकारी कोविड अस्पताल भेजने से इनकार कर दिया। परिजनों ने कहा कि वह युवक को निजी अस्पताल में ले जाएंगे।