रामपुर। जिले में 1208 तालाबों की खुदाई एवं सुंदरीकरण किया जाएगा। यह कार्य मनरेगा के तहत कराया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी ने सभी विकास खंड कार्यालयों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही पौधरोपण कराने के लिए भी कहा गया है।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने जनपद के सभी रोजगार सेवक एवं टीए को वर्चुअल कॉंफ्रेंस के माध्यम से निर्देशित किया कि जनपद में मनरेगा के अंतर्गत व्यापक स्तर पर तालाबों में खुदाई का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है, जिसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। 15 मई तक जनपद में चिह्नित सभी 1208 तालाबों पर खुदाई एवं सुंदरीकरण का कार्य प्रारंभ हो जाना चाहिए। कोविड-19 के दृष्टिगत बाहरी प्रदेशों से वापस अपने घरों को आने वाले कामगारों को रोजगार के अवसर मिले, इसके लिए सभी विकास खंडों के प्रत्येक ग्राम पंचायतों में कार्य प्रारंभ कराया जाए। पौधरोपण के संबंध में उन्होंने कहा कि 15 मई से जनपद में पौधरोपण के मद्देनजर गड्ढा खुदान का कार्य प्रारंभ हो जाना चाहिए। वर्चुअल काॅंफ्रेंस में मुख्य विकास अधिकारी गजल भारद्वाज, डीसी मनरेगा प्रभु दयाल एवं खंड विकास अधिकारी भी सम्मिलित हुए।