रामपुर। जिले में नवसृजित हुईं तीन नगर पंचायतों के कार्यालय का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए शासन ने आदेश जारी कर दिए हैं। प्रति कार्यालय निर्माण की लागत 147.86 लाख रुपये होगी। शासन ने निर्माण कार्य के लिए सीएंडडीएस (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज) को कार्यदायी संस्था नामित किया है। प्रत्येक भवन का निर्माण 1200 से दो हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल के मध्य किया जाएगा।
शासन ने जिले में तीन नगर पंचायतों का गठन किया था। इसमें सैफनी, नरपतनगर दूंदावाला एवं दढ़ियाल नगर पंचायत शामिल हैं। चूंकि, पहले तीनों ग्राम पंचायतें थीं, लिहाजा तीनों स्थानों पर पंचायत भवन बने हुए थे। नगर पंचायत बनने के बाद तीनों स्थानों के पंचायत भवनों में नगर पंचायत का वैकल्पिक कार्यालय बनाया गया है, जहां अधिशासी अधिकारी बैठते हैं। ऐसे में नवगठित नगर पंचायतों का कार्यालय बनाने के लिए शासन ने कवायद शुरू कर दी। इसके लिए शासन ने सीएंडडीएस को कार्यदायी संस्था नामित किया है। संस्था ने कार्यालय भवन का डिजाइन तैयार कर शासन को भेज दिया। इसके तहत सभी नगर पंचायतों का भवन एक ही तर्ज पर बनाया जाएगा। प्रत्येक भवन की लागत 147.86 लाख रुपये आएगी। शासन ने इसे मंजूरी दे दी है। साथ ही भवन निर्माण के लिए खर्च होने वाली धनराशि राज्य वित्त आयोग से मिलने वाली धनराशि में से किया जाएगा।