रामपुर। जिले में जल्द ही चार आयुर्वेदिक अस्पतालों के भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इसको लेकर जमीन मिल चुकी है। सिहारी, मीरापुर, अनरिया हरनगला में ये अस्पताल भवन बनाए जाएंगे। यूपी कार्पोरेशन लिमिटेड की ओर से इसका निर्माण कराया जाएगा। वहीं, जिले में 18 आयुष अस्पताल हैं, जो इस समय मौजूदा में सीएचसी और पीएचसी के भवनों में चल रहे हैं। जिनमें से चार को अपने भवन मिलेंगे। इसके बाद मरीजों के साथ ही चिकित्सकों को भी रहने में सहूलियत मिलेगी।
कोरोना संक्रमण काल में आयुर्वेद और यूनानी की दवाएं काफी कारगर साबित हुई। जरूरतमंदों को लाभ मिला। वहीं, सूबे की सरकार ने आयुर्वेद को जीवित रखने के लिए वर्ष 2018 में इनके संचालन पर विशेष जोर दिया। अस्पतालों में दवाएं मिलने लगीं। अधिकांश सीएचसी और पीएचसी के भवन में संचालित होने वाले अस्पतालों को खुद के भवन में चलाने की कवायद शुरू की। अस्पताल बनाने के लिए जमीन को तलाश करने का निर्देश दिया था। जिले के चार आयुष अस्पताल सीएचसी और पीएचसी के भवन में चलने वाले अस्पतालों के लिए जमीन उपलब्ध कराने के लिए निर्देश दिए गए थे। जमीन मिलने के बाद सूची शासन को भेजी गई थी। वहां से अस्पताल बनाने का रास्ता साफ हो गया है।