तिराह पीड़ितों को मुख्यमंत्री ने किया चार-चार लाख रुपये की सहायता का एलान
मंगलवार को जांच कमेटी ने भी गांव जाकर दर्ज किए बयान, किया मौका मुआयना
मिलक(रामपुर)। मिलक कोतवाली क्षेत्र के तिराह गांव में खेत में बिजली का तार टूटकर गिरने के बाद करंट की चपेट में आकर मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा दिए जाने का एलान किया है। इस संबंध में उन्होंने ट्वीट किया है। वहीं मंगलवार को जिलाधिकारी द्वारा गठित जांच कमेटी की टीम ने गांव जाकर परिजनों व ग्रामीणों के बयान दर्ज किए और मौका मुआयना भी किया।
मिलक कोतवाली क्षेत्र के तिराह गांव निवासी रामवती उनके बेटी धर्मवती और एक किसान गंगाराम की सोमवार को खेत में एलटी लाइन का तार टूटकर गिरने के बाद करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। हादसे की जांच के लिए जिलाधिकारी ने एडीएम प्रशासन लालता प्रसाद शाक्य की अगुआई में तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई थी। जिसमें एसडीएम मिलक देवेंद्र प्रताप सिंह और एसई विद्युत निगम राजीव कुमार गर्ग को भी शामिल किया गया था। मंगलवार को टीम तिराह गांव पहुंची और मृतकों के परिजनों व ग्रामीणों से हादसे के बाबत जानकारी लेकर बयान दर्ज किए। साथ ही घटनास्थल का भी मुआयना किया। इस दौरान टीम ने परिजनों की आर्थिक मदद के लिए मुआवजे हेतु आवश्यक दस्तावेज भी लिए। एसडीएम मिलक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना के बाद मामले की जांच की जा रही है। मृतकों को उचित मुआवजा मिल सके, इस विषय में कागजी कार्यवाही भी पूरी की जा रही है।