रामपुर। बिजली विभाग की ओर से चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक गली के दस मकानों में से नौ मकानों में बिजली का चोरी से उपभोग होता हुआ मिला। जबकि, तीन अन्य मकानों में भी बिजली चोरी मिली। विभाग की ओर से सभी 12 लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
जिले में हर माह करोड़ों रुपये की बिजली चोरी होती है। तमाम कोशिशों के बाद भी विभाग बिजली चोरी रोकने में नाकाम है। दरअसल, पहले तो लॉकडाउन की वजह से बिजली चेकिंग नहीं हो सकी, लेकिन अब लॉकडाउन खत्म हो गया है तो विभाग ने चेकिंग शुरू कर दी है। इसके तहत बुधवार को किला बिजलीघर क्षेत्र में उपखंड अधिकारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम मछली बाजार बन्ने का फाटक मोहल्ले में पहुंच गई, जहां बड़े पैमाने पर बिजली चोरी मिली। एक गली में तीन मकानों में बिजली चोरी मिली, जबकि एक गली के दस मकानों में से नौ मकानों में बिजली का चोरी से उपभोग होता पाया गया। विभाग की ओर से सभी बारह लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। उपखंड अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि विभाग की ओर से चेकिंग अभियान निरंतर चलाया जाएगा। इस बीच कहीं भी बिजली चोरी मिली, तो सीधे रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से बिजली चोरी न करने की अपील की है।