पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हाफिज अब्दुल सलाम के खिलाफ दर्ज मुकदमों की चार्जशीट गुुरुवार को भी कोर्ट में दाखिल नहीं हो सकी। विवेचक ने चार्जशीट दाखिल करने का दावा किया था, जबकि गुरुवार को दोपहर बाद सीओ सिटी ने चार्जशीट कोर्ट में दाखिल करने की हरी झंडी दी। कहा जा रहा है कि शुक्रवार को चार्जशीट कोर्ट में दाखिल होगी। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हाफिज अब्दुल सलाम पर जिला पंचायत चुनाव के दौरान दो मुकदमे दर्ज हुए थे। पहला मुकदमा अक्तूबर 2015 में दर्ज हुआ था।
उन पर पुलिस ने मतदाता सूचियों में गड़बड़ी के खिलाफ कलेक्ट्रेट में बिना अनुमति के धरना देने का आरोप लगाया था। मुकदमे में अब्दुल सलाम के साथ ही मुस्तफा हुसैन, मुरशद अली, अरशद पाशा, मोहम्मद एजाज, हाजी अब्दुल मजीद, बब्बू, जकी प्रधान समेत 250 लोगों को नामजद हुए थे। दूसरा मामला जनवरी 2016 का है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी सीपी सिंह ने दर्ज कराया था। इसमें अब्दुल सलाम पर आरोप लगा था कि उन्होंने सात जनवरी को अपने समर्थकों के संग कार्यालय में लगे शीशे को तोड़ दिया था।
पुलिस ने दोनों मामलों की तफ्तीश पूरी कर ली है। दोनों मुकदमों की चार्जशीट बुधवार को कोर्ट में दाखिल करने का दावा हुआ था, लेकिन यह चार्जशीट गुरुवार को सीओ दफ्तर में ही थी। गुरुवार को सीओ सिटी आले हसन ने दोनों चार्जशीट का अध्ययन कर इसको कोर्ट में दाखिल करने की हरी झंडी दे दी। सीओ सिटी आले हसन ने बताया कि इन दोनों मुकदमों की चार्जशीट उन्हें मिल गई है, जिसको कोर्ट में दाखिल करने के आदेश जारी कर दिए हैं। शुक्रवार को चार्जशीट कोर्ट में दाखिल हो जाएगी।