रामपुर। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति की बैठक संपन्न हुई। जिसमें मुख्य विकास अधिकारी ने युवाओं को रोजगार से जोड़ने और हुनरमंद बनाने के लिए संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक युवाओं को दिए जाने की बात कही।
विकास भवन सभागार में हुई बैठक में सीडीओ गजल भारद्वाज ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर भारत, स्टैंड अप इंडिया, स्किल इंडिया मिशन आदि योजनाओं के तहत अधिक से अधिक जोड़ा जाए। युवाओं को हुनरमंद बनाने के साथ ही आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार शुरू कराने के लिए प्रयास किए जाएं। सीडीओ ने कहा कि ग्रामीण और शहरी आजीविका मिशन से समन्वय कर जल्द केंद्र के स्वयंसेवकों के उन्मुखीकरण के लिए कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। जिससे कि ग्राम स्तर पर स्वयं सेवकों द्वारा युवा मंडलों को सक्रिय करके अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके। सीडीओ ने समस्त खंड विकास अधिकारियों को राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों के लिए कार्य की सुगमता एवं बेहतर समन्वय के लिए ब्लॉक में बैठने का स्थान निर्धारित करने का आदेश दिया।