मसवासी/स्वार (रामपुर)। बरेली-देहरादून स्टेट हाईवे पर मंगलवार रात कैंटर और रोडवेज की बस की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। हादसे में कैंटर चालक की मौत हो गई, जबकि पांच यात्री घायल हो गए। घायलों को उत्तराखंड के काशीपुर स्थित अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने कैंटर चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
यह हादसा मंगलवार देर रात लगभग पौने दो बजे बरेली-देहरादून स्टेट हाईवे पर स्वार कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत घोसीपुरा गांव के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, उत्तराखंड परिवहन निगम के हरिद्वार डिपो की बस कोसी नदी के पुल के पास बाजपुर दिशा से आ रहे कैंटर से टकरा गई। हादसे में बस और कैंटर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। साथ ही दोनों वाहनों के चालक समेत पांच यात्री घायल हो गए, जबकि कैंटर चालक शाहजहांपुर जिले के निगोही थाना क्षेत्र के खेरासंदा गांव निवासी राजेश कुमार (33) की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मसवासी पुलिस चौकी इंचार्ज कोमल सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल लोगों को काशीपुर स्थित अस्पताल भिजवा दिया। हादसे के बाद करीब आधा घंटे तक मार्ग पर यातायात का संचालन भी प्रभावित रहा।