रामपुर। विधानसभा चुनावों के तहत चल रही नामांकन प्रक्रिया के तहत सोमवार को नाम वापसी होगी। इसके बाद जिले में प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो जाएगी। हालांकि, अब तक 46 प्रत्याशी चुनावी मैदान में डटे हैं। संभावना है कि कुछ पर्चे वापस लिए जा सकते हैं।
रामपुर में विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण में मतदान होना है। यहां 14 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है। सोमवार को नामांकन प्रक्रिया का अंतिम दिन है। लिहाजा, सोमवार को नामवापसी होगी। संभव है कि कुछ प्रत्याशी चुनाव से पहले ही पीछे हट सकते हैं। खासकर, वे लोग जिन्होंने डमी प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया है। वहीं, इससे पहले शनिवार कों नामांकन पत्रों की जांच का काम हुआ था, जिसमें जांच के दौरान छह उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों में खामियां पाई गईं थीं, जिस पर उन सभी के नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए थे। जिसके बाद चुनाव मैदान में पांच विधानसभा सीटों पर सिर्फ 46 प्रत्याशी ही चुनाव मैदान में बचे हैं। नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की स्थिति साफ हो जाएगी कि मैदान में कौन लड़ेगा और कौन अपने कदम खींच लेगा। शाम तीन बजे के बाद उम्मीदवारों को चिन्ह आवंटित किया जाएगा।