मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के मेडिकल कालेज में कैंसर के इलाज के लिए कैंसर यूनिट स्थापित करने की दिशा में शनिवार को अहम फैसले हुए। जापान के विख्यात कैंसर विशेषज्ञ डा. शिंबू सा के नेतृत्व में डाक्टरों के दल ने यूनिवर्सिटी के मेडिकल कालेज का भ्रमण किया। उन्होंने स्थानीय डाक्टरों को बारीकी से कैंसर यूनिट स्थापित करने की जानकारियां दीं। कैबिनेट मंत्री आजम खां का कहना है कि यह देश की सबसे बड़ी और आधुनिक कैंसर यूनिट होगी।
मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय में मेडिकल कालेज और कैंसर यूनिट नगर विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री मोहम्मद आजम खां का ड्रीम प्रोजेक्ट है। वह चाहते हैं कि भारत में ही कैंसर का इलाज हो। इसीलिए दुनिया के विख्यात कैंसर रोग विशेषज्ञ डा. शिंबू सा को रामपुर में जौहर यूनिवर्सिटी स्थित मेडिकल कालेज में आमंत्रित किया गया। डा. सा जापान से आठ डाक्टरों के दल के साथ शनिवार को पहुंचे। उन्हें राज्य अतिथि का दर्जा दिया गया था। मुरादाबाद में सर्किट हाउस से उन्हें आजम खां साथ रामपुर लेकर आए।
डा. शिंबू सा ने यूनिवर्सिटी का भ्रमण किया। बाद में प्रोजेक्टर के जरिए स्थानीय डाक्टरों के सवालों के जवाब दिए। आज के कार्यक्रम के बाद जौहर विश्वविद्यालय में देश की बड़ी कैंसर यूनिट स्थापित होने को हरी झंडी मिल गई है।कैबिनेट मंत्री आजम खां ने कहा है कि हमारे प्रस्ताव को सफलता मिल गई है, अब जौहर यूनिवर्सिटी स्थित मेडिकल कालेज में दुनिया की सबसे अच्छी कैंसर यूनिट होगी। इस दौरान लखनऊ के बड़े कारोबारी जावेद खां भी मौजूद रहे।