रामपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ ने समस्याओं के समाधान न होने और पावर कारपोरेशन प्रबंधन पर उत्पीड़नात्मक कार्रवाई का आरोप लगाते हुए 26 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार करने का एलान किया है।
संगठन ने सभी ऊर्जा निगमों के प्रबंधन को प्रेषित नोटिस में 04 अक्तूबर से आंदोलन प्रारंभ होने की सूचना दी है। समस्याओं का समाधान न होने पर 26 अक्तूबर से सभी ऊर्जा निगमों में अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार प्रारंभ कर दिया जाएगा। अभियंता संघ के अध्यक्ष वीपी सिंह एवं महासचिव प्रभात सिंह ने बताया कि चार व पांच अक्तूबर को सभी ऊर्जा निगमों के तमाम अभियंता काली पट्टी बांध कर विरोध दिवस मनाएंगे। इसके बाद 6,7 और 8 अक्तूबर को शाम 04 बजे से 05 बजे तक 01 घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। 11 और 12 अक्तूबर को 2 घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद 18 अक्तूबर से 23 अक्तूबर तक 3 घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद 26 अक्तूबर से सभी अभियंता अनिश्चित कालीन कार्य बहिष्कार प्रारंभ कर देंगे।